
रिपोर्ट : अजय मालवीय
औबेदुल्लागंज। कुमडी की शासकीय माध्यमिक शाला में एक अनोखा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने मिट्टी के गणेश जी बनाने की कला सीखी। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक कला और संस्कृति से जोड़ना तथा उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में लक्ष्मी नारायण प्रजापति ने मास्टर ट्रेनर के रूप में छात्रों को मार्गदर्शन दिया और उन्हें मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाना सिखाया। इस दौरान बच्चों ने बड़े उत्साह और लगन से मिट्टी के गणेश जी बनाए। शाला के शिक्षकों ने भी प्रशिक्षण में सक्रिय भूमिका निभाई। श्री मुकेश कुमार जैन, श्री मनोज चौहान, श्रीमती प्रेमलता दुबे, श्रीमती रजनी चौहान और श्रीमती छायावाद ने बच्चों का सहयोग और मार्गदर्शन किया।
इस प्रशिक्षण से छात्रों को न केवल माटीकला की विशेष जानकारी मिली बल्कि उन्होंने पारंपरिक कला और संस्कृति के महत्व को भी समझा। सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को बधाई दी गई।









