कई दिनों से परेशान कर रहा था मनचला, पुलिस के पास पहुंची महिला जमानत पर रिहा हुआ आरोपी दे रहा धमकी मक्सी थाना

रिपोर्ट किशोर सिंह राजपूत
शाजापुर। मक्सी थानांतर्गत ग्राम सामगी निवासी एक महिला एक मनचले की हरकतों से परेशान है, जो उसे रास्ते में रोककर अश्लीलता करता है और छूने का प्रयास करता है। कई दिनों तक तो महिला ने बर्दाश्त किया, लेकिन जब बात ज्यादा बढ़ गई तो महिला ने अपने पति को इस बारे मे बताया, जिसके साथ महिला ने युवक की थाने में शिकायत की।
थाने में की गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह गांव मे घरेलू कार्य करती है। जहां का ही रहने वाला दिनेश पिता जगदीश पाटीदार नाम का युवक उसे कई दिनों से परेशान कर रहा है। वह गलत निगाह से देखता है और हर बाद छूने की कोशिश करता है। एक दिन उसने उसे गलत तरीके से छू लिया। जब बात ज्यादा बढ़ गई तो महिला ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। जब ग्रामीणों ने महिला के पति को इस बारे में बताया तो उसने अपनी पत्नी से इस बारे में बात की। तब महिला ने उसे सारी बात बताई और उसके बाद दोनो ने थाने में आकर दिनेश के खिलाफ शिकायत की। इधर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था जिसे जमानत पर रिहा कर दिया। महिला ने बताया कि जमानत पर रिहा होने के बाद उसके परिजन उन्हें धमकी दे रहे हैं। मामले में मक्सी थाना प्रभारी भीमसिंह पटेल ने बताया कि आरोपी को जमानत पर रिहा किया गया है। 29 को न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा। फिलहाल मजिस्ट्रेट साहब अवकाश पर हैं। धमकाने के मामले में उन्होंने बताया कि यदि ऐसा है ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।