साहब, भूमाफियाओं के खिलाफ बुलडोजर, लेकिन पूरनपुर में प्रभावशाली लोगों को संरक्षण

संवादाता रुशन अहमद
पीलीभीत | पूरनपुर तहसील क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ राजस्व प्रशासन ने आखिरकार बुलडोजर चलाया, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई में भेदभाव बरता गया। प्रभावशाली लोगों की अवैध कॉलोनियों को नजरअंदाज कर दिया गया, जबकि छोटे लोगों के निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया गया, जबकि हाइवे के आसपास तेजी से अवैध प्लाटिंग हो रही है। भूमाफिया कम दामों में कृषि योग्य भूमि खरीदकर उसे अवैध रूप से प्लॉट में बदल रहे हैं। बिना नक्शा पास कराए यह प्लाटिंग की जा रही है, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि भविष्य में बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। अवैध कॉलोनाइजरों द्वारा कृषि योग्य भूमि को तेजी से नष्ट किया जा रहा है। खेतों को काटकर प्लॉट में तब्दील किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में खाद्यान्न उत्पादन पर संकट मंडराने लगा है। यदि इसी तरह कृषि भूमि खत्म होती रही, तो भविष्य में किसानों और आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आपको बतादें की पूरनपुर क्षेत्र में इन दिनों बिजली घर रोड, ब्लॉक रोड, नरायणपुर जमीमा नहर के पास, राजीव नगर चौराहा, शेरपुर, घुंघचिहाई, जनकापुर और बलरामपुर में हाईवे से सटे खेतों में अवैध प्लाटिंग बड़े पैमाने पर जारी है। इन इलाकों में बिना किसी अनुमति के प्लॉट बेचे जा रहे हैं और नई अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही हैं।
*प्रशासन की सुस्त कार्यवाही से भूमाफिया के हौसले बुलंद*
प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई न करने के कारण भूमाफिया बेखौफ हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावशाली लोगों की अवैध प्लाटिंग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अवैध रूप से काटी गई कॉलोनियों में प्लॉट खुलेआम बेचे जा रहे हैं। खरीददारों को बिना किसी आधिकारिक दस्तावेज के प्लॉट बेचकर गुमराह किया जा रहा है। भविष्य में इन प्लॉटों पर घर बनाने वाले लोगों को कानूनी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और केवल चुनिंदा लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय सभी अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया जाए। यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया, तो न केवल अवैध कॉलोनियों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि कृषि योग्य भूमि की कमी भी एक गंभीर संकट बनकर उभरेगी।
*कई माह से चल रही अवैध प्लाटिंग, कार्रवाई के डर से धारा 80 के लिए अब किया आवेदन*
कई महीनो से प्रशासन की अनदेखी के चलते अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है।
बिजली घर के आगे नहर के दोनों तरफ गांठा संख्या 458/5 व 429/40 अवैध रूप से प्लाटिंग कई माह से चल रही है। शिकायत करने के बावजूद भी प्रशासन ने मामले को संज्ञान नहीं लिया। धारा 80 भी नहीं कराई गई थी। प्रशासन ने अवैध रूप से हो रही प्लाटिंग पर बुलडोजर चलवाया इसके डर से प्लाटिंग मालिक ने धारा 80 के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन बड़ा सवाल यह है की कई महीनो से धारा 80 के बिना ही अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। क्षेत्रीय लेखपाल की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बिजली घर के आगे नहर के दोनों साइड पर प्लाटिंग की जा रही है।