सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से हंगामा, पत्रकारों पर अपमानजनक टिप्पणी, एफआईआर की मांग

रिपोर्ट। जे के मिश्र
बिलासपुर रायगढ़ घरघोड़ा। सोशल मीडिया पर सांप्रदायिकता फैलाने और पत्रकारों पर अपमानजनक टिप्पणी करने का एक गंभीर मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र में सामने आया है। वसीम बेग नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप ग्रुप ‘हमर घरघोड़ा’ में धार्मिक उन्माद भड़काने वाला पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ पत्रकारिता और पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी की गई।
क्या है पूरा मामला?
8 मार्च 2025 को वसीम बेग ने व्हाट्सएप ग्रुप में एक विवादित पोस्ट साझा की, जिसमें रमजान और होली से जुड़े भ्रामक बयान दिए गए। इसके अलावा, पत्रकारों और मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। मीडिया को ‘सरकार का कुत्ता’ कहने जैसी अमर्यादित टिप्पणी ने पत्रकार समुदाय को आक्रोशित कर दिया है।
पत्रकार संघ ने जताया विरोध, FIR दर्ज करने की मांग
इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, घरघोड़ा ने थाने में लिखित शिकायत दी है और आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316, 317, 318, 153 और 354 के तहत FIR दर्ज करने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि “अगर इस तरह की हरकतों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकार सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।”
नफरत फैलाने वालों पर कब होगी कार्रवाई?
यह कोई पहली बार नहीं है जब सोशल मीडिया के जरिए समाज में जहर घोलने की कोशिश की गई हो। सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस तरह के असामाजिक तत्वों को खुली छूट देगा?
मीडिया पर हमला बर्दाश्त नहीं, होगा आंदोलन!
पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, लेकिन अगर पत्रकारों को खुलेआम गालियां दी जाएं और मीडिया को अपमानित किया जाए, तो यह पूरे लोकतंत्र पर हमला है। पत्रकार संघ ने साफ कर दिया है कि अगर आरोपी पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यभर में आंदोलन छेड़ा जाएगा।
अब पुलिस के रुख पर टिकी नजरें
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी सरकारी फाइलों में दबकर रह जाएगा। पत्रकारों और जागरूक नागरिकों ने साफ कर दिया है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो सड़क पर विरोध प्रदर्शन होगा।