सीजन की सबसे सर्द रही सोमवार की रात, 9 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान 14 किमी की रफ्तार से चली हवाओं से दिनभर ठिठुरते रहे शहरवासी सुबह-सुबह शहर में इस तरह छा रहा घना कोहरा

रिपोर्ट किशोर सिंह राजपूत
शाजापुर। इन दिनों पूरा मालवांचल कड़ाके की सर्दी से जूझ रहा है। सुबह से शाम तक लोगों को सर्दी से बचने के लिए जतन करना पड़ रहा है। बीती रात भी सर्दी ने लोगों को खासा परेशान किया और पूरी रात सर्द हवाओं ने शहर में डेरा डाले रखा। जिससे न्यूनतम तापमान भी 9.2 डिग्री दर्ज किया गया।
सोमवार को जब शहरवासियों की आंख खुली तो उनके सामने घना कोहरा छाया हुआ था। जिससे सुबह 8 बजे तक भी लोगों को जूझना पड़ा। इसके बाद धूप निकलने से कोहरा तो छट गया, लेकिन सर्दी ने लोगों को खासा परेशान किया। क्योंकि सुबह से हवाओं ने शहर को अपना डेरा बना लिया था जिससे धूप में भी लोगों को गर्म कपड़े पहनने के बाद ही राहत मिल सकी। इसके पूर्व रविवार शाम से ही मौसम ने करवट बदली और हवाओं की वजह से लोगों को सर्दी से जूझना पड़ा। जैसे-जैसे रात गहराती गई सर्दी का दायरा भी बढ़ता गया। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि आगामी दिनों में तापमान और भी कम होगा जो दिन में भी 10 से 15 डिग्री तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.9 और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया।
चार दिन में चार डिग्री कम हुआ तापमान
केवल रात का ही नहीं बल्कि दिन का तापमान भी लगातार कम होता जा रहा हैं जो चार दिन में चार डिग्री घट गया। मौसम विभाग के अनुसार सर्द हवाओं के कारण तापमान में कमी हो रही हैं जिसके कारण सर्दी से लोगों का बुरा हाल हो रहा है। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर तक मौसम के यही हाल रहेंगे। इसके बाद कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं।
ऐसे कम हो रहा शहर का तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
11-12-23 27.6 13.8
12-12-23 26.1 12.2
13-12-23 25.7 11.1
14-12-23 25.4 9.3
15-12-23 26.9 11.3
16-12-23 25.6 11.9
17-12-23 24.6 12.8
18-12-23 23.9 9.2