
रिपोर्टर: कविश श्रीवास्तव
बुरहानपुर। जिले में शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशानुसार विभिन्न बैठकें आयोजित की गईं। संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग की बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा ने विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति को प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूरे किए जा सकें। साथ ही टीबी नियंत्रण के लिए अधिक प्रभावित क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने तथा मातृत्व से जुड़े उच्च जोखिम वाले मामलों की निरंतर निगरानी पर जोर दिया गया।
पोषण एवं बाल विकास पर विशेष ध्यान
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कुपोषित एवं अति-कुपोषित बच्चों को प्राथमिकता से पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कर बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने पर बल दिया गया।
बैंकिंग योजनाओं में समन्वय बढ़ाने के निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलसीसी) की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न बैंकों की प्रगति और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
सीईओ सृजन वर्मा ने कहा कि योजनाओं के लक्ष्यों को समय-सीमा में प्राप्त करने के लिए बैंक और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। इस दौरान एलडीएम महावीर राय को विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों की उपस्थिति
बैठकों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।









