
रिपोर्ट – ओम सोनी
भवानी मंडी। नगर पालिका के नवनिर्वाचित बोर्ड का शपथ ग्रहण समारोह नगर पालिका परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चला। इस दौरान नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष पिंकी गुर्जर, उपाध्यक्ष विनय अस्तोलिया सहित सभी पार्षदों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष पिंकी गुर्जर ने डग विधानसभा प्रत्याशी चैतराज गहलोत एवं अपने ससुर तथा पूर्व चेयरमैन रामलाल गुर्जर से आशीर्वाद लेकर पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष पिंकी गुर्जर एवं उपाध्यक्ष विनय अस्तोलिया का 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। नगर के भामाशाह डॉ. जे.के. अरोरा ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया। नगर विकास को बताया प्राथमिकता पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष पिंकी गुर्जर ने कहा कि नगर का विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने तथा नागरिकों से जुड़ी आवश्यकताओं पर प्राथमिकता से कार्य करने की बात कही। समारोह में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भवानी मंडी के अध्यक्ष रोड सिंह परमार, प्रवक्ता अख्तर अली, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष आनंद काला सहित पूर्व पार्षद, चुनाव में शामिल रहे प्रत्याशी, नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में उपस्थितजन मौजूद रहे। फोटो कैप्शन: नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का स्वागत करते कांग्रेसजन।









