
रिपोर्टर– डालचंद लोधी
नयाखेड़ा। दस दिनों तक हर्षोल्लास, भक्ति और श्रद्धा के साथ रिद्धि-सिद्धि के दाता एवं विघ्नहर्ता भगवान गणेश का उत्सव मनाने के बाद शुक्रवार को भक्तिभाव के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। डीजे, ढोल और नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए गणपति बप्पा को विदाई देने के लिए निकले। ग्राम नयाखेड़ा में ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों के सामने साफ-सफाई कर रंगोलियां सजाईं। द्वार पर पधारे भगवान गणेश की श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।समिति के सदस्यों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर आकर्षक पंडाल सजाकर भगवान गणेश की प्रतिमा को विराजमान किया। इसके बाद पूरे ग्राम में विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में आगे भगवान गणेश की प्रतिमा और पीछे श्रद्धालुओं की टोलियां डीजे एवं ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य करते हुए चल रही थीं। पूरे ग्राम में उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा। विसर्जन यात्रा नयाखेड़ा नर्मदा घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद श्रद्धाभाव के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दस दिवसीय गणेश उत्सव के समापन पर ग्राम में आस्था, भक्ति और उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला।









