
रिपोर्टर – लखन ठाकुर
चोली। ग्राम चोली स्थित प्रसिद्ध श्री गणेश मंदिर में आयोजित दस दिवसीय गणेश उत्सव का गणेश चतुर्थी के अवसर पर विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर महाआरती एवं हवन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए चलित भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। दस दिवसीय उत्सव के दौरान मंदिर में प्रतिदिन धार्मिक आयोजन एवं आरती का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं अखिल भारतीय बलाई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार, कर्णिसेना के जिला अध्यक्ष सहित क्षेत्र के विभिन्न समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर गणेश जी की आरती में सहभागिता की। उत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गणेश जी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव के साथ गणेश जी को विदाई दी। दस दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन, पूजा-अर्चना एवं आरती में सहभागिता की। उत्सव के समापन अवसर पर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल रहा।









