
रिपोर्टर – संतोष केरावत
रतलाम। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश उत्सव के समापन पर रानीसिंग माही नदी तट पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया। दस दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद रतलाम शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश प्रतिमाएं लेकर माही नदी तट पहुंचे। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा विसर्जन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा कर्मचारी तैनात रहे। सैलाना एसडीओपी लेखराज मीणा ने मौके पर पहुंचकर विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं रावटी तहसीलदार स्नेहलता चौहान ने भी पूरे दिन विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थान पर सावधानीपूर्वक प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को नदी में अधिक गहराई तक नहीं जाने और निर्धारित विसर्जन स्थल का उपयोग करने की सलाह दी गई। रतलाम एवं झाबुआ जिले से लाई गई गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन रानीसिंग घाट पर किया गया। दोनों जिलों के पुलिस एवं प्रशासनिक अमले ने विसर्जन व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभाई। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की आराधना के साथ गणेश प्रतिमाओं को माही नदी में विधि-विधान से विसर्जित कर अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।









