
रिपोर्टर : राजेंद्र कुमार शर्मा
जयसिंहनगर/शहडोल। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर पूरे देश में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। शहडोल जिले में भी नवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर धार्मिक कार्यक्रमों और देवी जागरण का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत रखकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
नवरात्रि के अवसर पर मां शारदा के दर्शन के लिए मैहर जाने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इसी परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी शहडोल जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर मैहर पहुंचे और मां शारदा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं में मां शारदा के प्रति गहरी आस्था देखने को मिल रही है। मान्यता है कि मां शारदा भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। इसी श्रद्धा के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्त माता के दरबार में पहुंचते हैं। शहडोल जिले की जयसिंहनगर तहसील से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा पर निकलते हैं। वहीं बुढ़ार क्षेत्र के भक्त भी मां शारदा के दर्शन के लिए मैहर पहुंचते हैं।
समाजसेवियों की सेवा से श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाएं मां शारदा के दर्शन के लिए निकलने वाली इस आस्था यात्रा में समाजसेवी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जयसिंहनगर के समाजसेवियों द्वारा पदयात्रियों के लिए भोजन और फलों की व्यवस्था की जाती है, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
पिछले कुछ वर्षों से इस पदयात्रा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। भक्तों के अनुसार, गांव से मैहर तक पदयात्रा करना उनके लिए श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक अनुभूति से जुड़ा एक विशेष अनुभव है। मां शारदा के जयकारों के साथ आगे बढ़ते श्रद्धालु नवरात्रि के इस पावन पर्व को भक्ति और उत्साह के साथ मना रहे हैं।









