
रिपोर्टर अक्षय भट्ट
31 अगस्त। नीमच जिले की रामपुरा तहसील में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी घास भैरू की सवारी निकाली गई। मान्यता है कि यह सवारी नगर को अच्छी बरसात और असाध्य रोगों से मुक्ति दिलाने के लिए निकाली जाती है। सवारी नगर की परिक्रमा कर पुनः निर्धारित स्थान पर पहुंचती है। इस कड़ी में वार्ड क्रमांक 7 के कुशवाहा समाज के लोगों ने संतोषी माता स्थित स्थल से घास भैरू जी का पूजन-अर्चन कर बड़ी धूमधाम से सवारी शुरू की। सवारी में कुशवाहा समाज के पुरुष, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। युवाओं ने घास भैरू को आसन पर विराजित कर रस्सियों को खींचते और जयकारे लगाते हुए सवारी में भाग लिया। सवारी में डीजे और ढोल की थाप पर लोग नाचते-झूमते नगर के खीले वाले दरवाजे तक पहुंचे, जहां घास भैरू की सवारी का पूजन-अर्चन, आरती और प्रसादी वितरण कर सवारी का समापन हुआ।









