
मुंबई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), मुंबई द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर अभाविप के केंद्रीय कार्यालय में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं अभाविप कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया और समाज सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री आशीष चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन हमें सामाजिक समरसता, समानता और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य केवल मानवता की सेवा ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक हैं।
शिविर के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. आंबेडकर के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय समाज को एक नई दिशा दी। शिक्षा, संविधान निर्माण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और “रक्तदान महादान” के संदेश को साकार किया। इस आयोजन के माध्यम से अभाविप ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सिद्ध किया और जरूरतमंदों की सहायता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया एवं उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभाविप के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे समाज में जागरूकता एवं सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।









