
रिपोर्टर – रामनारायण पाटीदार
धार। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आगामी अनंत चतुर्दशी, नवरात्रि, दशहरा सहित अन्य त्योहारों एवं कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री मीना ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शहर में आवारा पशुओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुले में छोड़े जाने की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में लगे फ्लेक्स एवं होर्डिंग्स की व्यवस्था निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाली झांकियों के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण करने तथा विद्युत तारों की ऊंचाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि झांकी एवं जुलूस सुचारु रूप से संचालित हो सकें। कलेक्टर श्री मीना ने अनुविभागीय अधिकारी, धार को डीजे संचालकों की बैठक लेकर निर्धारित डेसिबल स्तर के अनुसार डीजे संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान ध्वनि से संबंधित निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की बात कही। आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाली झांकियों एवं अखाड़ों को क्रमांक आवंटित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि वे निर्धारित क्रम के अनुसार मार्ग पर व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जुलूस की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित समय एवं क्रम के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय, शांति समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









