
टीचर दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में शासकीय संभागीय आईटीआई, भोपाल के प्रशिक्षण अधिकारी राजेन्द्र मालवीय को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान दीर्घ अवधि इंजीनियरिंग ट्रेड श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ कौशल प्रशिक्षक के रूप में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने मालवीय को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि “राजेन्द्र मालवीय ने अपने समर्पण और मेहनत से प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि न केवल भोपाल बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह पुरस्कार सभी प्रशिक्षकों और प्रशिक्षण संस्थानों के लिए प्रेरणा बनेगा और कौशल शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल करने की दिशा दिखाएगा।”
राज्यमंत्री टेटवाल ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान मालवीय की निरंतर मेहनत, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
इसी क्रम में कौशल विकास संचालनालय ने भी राजेन्द्र मालवीय की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएँ दीं। संचालनालय ने कहा कि उनकी यह सफलता प्रदेश की आईटीआई संस्थाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण परंपरा और प्रशिक्षकों की प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है।









