
रिपोर्ट-अनिल शर्मा
बीदासर। क़स्बे थाना पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय नकबजन गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त गाड़ी को जब्त किया है। पुलिस जानकारी अनुसार 17 सितम्बर को बीदासर निवासी श्रीमती बीरमलता पत्नी बजरंग यादव वार्ड 26 ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात मुलजिमों ने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात की। इस पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। थाना अधिकारी मुकुट बिहारी मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार प्रयासों के बाद 29 सितम्बर को नकबजनों का सुराग लगाया। पूछताछ व जांच के बाद चार मुलजिमों करनैल सिंह पुत्र दलीप सिंह (34) दीपक कुमार पुत्र सुभाषचन्द्र (25) सन्तलाल उर्फ़ बबलू पुत्र ओमप्रकाश (38) जसपाल पुत्र रूडाराम कापडिया को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कार (पंजाब नंबर) भी बरामद की गई। कार्रवाई में महेश कुमार हेड कांस्टेबल, बजरंग सिंह हेड कांस्टेबल, ओमप्रकाश कांस्टेबल, लीलाधर कांस्टेबल व अन्य टीम सदस्यों की विशेष भूमिका रही। पुलिस के अनुसार पकड़े गए नकबजनों से पूछताछ जारी है और इनके खिलाफ अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनके आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।









