
रिपोर्टर — होशियार सिंह
कोसली। एसडीएम कोसली श्री विजय कुमार यादव ने कहा कि कोसली शहर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध करवाना उपमंडल प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ शहर में आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। एसडीएम स्थानीय मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कोसली के आरओबी से रेलवे स्टेशन होते हुए आईटीआई तक सार्वजनिक रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इस कार्य को पूरा करवाने के लिए सीएसआर योजना का सहयोग लिया जा रहा है। एनटीपीसी की ओर से 73 लाख रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि आरओबी के आसपास बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया है तथा हुडा सेक्टर में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। हुडा सेक्टर की ग्रीन बेल्ट को विकसित करने के लिए 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि पीएम श्री राजकीय विद्यालय के खेल मैदान के लिए निर्धारित भूमि को विकसित करने के लिए 38 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसी प्रकार राजीव गांधी खेल स्टेडियम और न्यायिक परिसर के साथ लगते पंचायती पार्क में भी प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में रोशनी की व्यवस्था होने के बाद शाम के समय नागरिक यहां परिवार के साथ घूमने और समय बिताने के लिए पहुंच रहे हैं। विजय कुमार यादव ने बताया कि कोसली की सीवरेज लाइनों की सफाई सुपर सकर मशीन के माध्यम से करवाई गई है। उन्होंने कहा कि कोसली रेलवे स्टेशन पर आरयूबी निर्माण की योजना को आगे बढ़ाने के लिए विधायक अनिल यादव द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।एसडीएम ने कहा कि शहर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के कार्य में कोसली विधानसभा क्षेत्र पूरे हरियाणा में सबसे आगे है। क्षेत्र में कुल दो लाख 48 हजार मतदाताओं में से करीब 3200 मतदाताओं की मैपिंग अभी शेष है। वहीं करीब 24 हजार मतदाताओं के विवरण में सुधार की आवश्यकता थी, जिनमें से 22 हजार नागरिकों के विवरण को दुरुस्त किया जा चुका है। शेष दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 8 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।एसडीएम ने कहा कि प्रशासन शहर के विकास, बेहतर सुविधाओं और नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है।









