धूप खिलने से मिली कड़ाके की सर्दी राहत – अब रात में कम होगा तापमान, बारिश के भी आसार शहर में सुबह 8 बजे तक रहा हल्का कोहरा

रिपोर्ट किशोर सिंह राजपूत
शाजापुर। पिछले करीब एक सप्ताह से शाजापुर शहर शिमला बना हुआ था। जहां रात और दिन में घना कोहरा छाया हुआ था और हवाएं भी लोगों को खासा परेशान कर रही थी। शनिवार को मौसम बदला और हल्की धूप निकली जिससे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग की माने तो अब दिन का तापमान ऐसा ही रहेगा। वहीं रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
शुक्रवार का दिन शहर के लिए सर्द बना हुआ था और दिन के साथ-साथ रात में भी घना कोहरा छाया हुआ था। जिसकी विजिबिलिटी भी काफी कम थी। जिसके कारण कुछ दूरी पर भी देखना मुश्किल हो रहा था। अनुमान था कि शनिवार को भी कोहरे के साथ ही दिन की शुरूआत होगी। लेकिन शनिवार सुबह कुछ देर के लिए ही कोहरा छाया रहा, जिसके कुछ देर बाद ही धूप निकल आई जिससे लोगों को काफी राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि रविवार को भी दिन में धूप निकलने से सर्दी से राहत मिलेगी। इसके बाद कोहरा तो नहीं आसमान पर बादल जरूर छाएंगे और सर्द हवाएं भी चलेंगी। उन्होंने बताया कि दिन का तापमान ऐसा ही रहेगा लेकिन रात में तापमान में गिरावट होगी। शनिवार को दिन डूबने के बाद फिर लोगों को सर्दी का एहसास हुआ जिसके कारण लोगों को अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाने जतन करना पड़े।
8 से हो सकती है बारिश की शुरूआत
मौसम विभाग की माने तो 8 जनवरी से जिले में कहीं-कहीं हल्की या इससे अधिक वर्षा हो सकती है जो 10 जनवरी तक जारी रह सकती है। इसके बाद फिर तापमान में गिरावट होगी। जो 8 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि सर्दी का दौर फिलहाल जारी रहेगा।