
रिपोर्टर – संतोष केरावत
रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 9 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत बाजना की ग्राम पंचायत देवली में जिला स्तरीय शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उद्यमी श्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने 10 लाख रुपये का मुद्रा ऋण लेकर अपना उद्यम स्थापित किया और उससे लाभ अर्जित किया। वहीं, सुश्री अंजना डामोर ने आजीविका मिशन से जुड़कर पाइपलाइन बिछाने के कार्य के साथ बकरी पालन शुरू किया, जिससे उनकी आजीविका को बेहतर बनाने में मदद मिली। उद्यमी श्री मेरू खराड़िया ने भी अपने व्यवसाय से जुड़े अनुभव साझा किए।
किसानों को दी गई कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं की जानकारी कृषि विभाग द्वारा किसानों को संतुलित उर्वरक के उपयोग, मिट्टी परीक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई। उद्यानिकी विभाग ने भी विभिन्न विभागीय योजनाओं से अवगत कराते हुए हितग्राहियों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने विकास कार्यों से जुड़े विषय रखे
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण, आमा पाड़ा पंचायत की व्यवस्थाओं में सुधार, मटवाला में पेयजल व्यवस्था, नल-जल योजना के कार्य में तेजी लाने तथा रुपावाड़ा में हैंडपंप की मरम्मत सहित विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी। इसके साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बोरी बंधान निर्माण की मांग भी की गई।
ग्रामीणों ने एकलव्य विद्यालय में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, खेल मैदान से विद्युत डीपी हटाने तथा आंगनवाड़ी केंद्र को नए भवन में स्थानांतरित करने का विषय भी उठाया। इसके अलावा सोसायटी के संचालन से संबंधित शिकायत रखी गई। ग्राम जामू खानदान के ग्रामीणों ने विद्यालय के पुस्तकालय की छत की मरम्मत कराने तथा पशुओं के लिए पानी की होद बनवाने की मांग की।
जर्जर भवनों के स्थान पर बनेंगे नए भवन कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि जिले में जर्जर शासकीय भवनों को चिह्नित कर नियमानुसार डिस्मेंटल कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार नए भवनों की स्वीकृति प्राप्त कर निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस पहल से शासकीय भवनों की स्थिति में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री सुनील जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









