
रिपोर्टर – अक्षय भट्ट
रामपुरा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 88 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता और निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में फसल बीमा, उपचार के लिए आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि एवं राजस्व अभिलेख, पट्टा, नामांतरण, बंटवारा, पशुपालन ऋण, रोजगार सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त इस दौरान श्रीमती सम्पबाई के पुत्र दीपक के हाथ के उपचार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। श्री रविन्द्र के आवेदन पर संबंधित तहसीलदार को रास्ता उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने तथा श्री सूरज सुराहा को रेडक्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।आवेदकों ने सीएम हेल्पलाइन, पट्टा, आर्थिक सहायता, भूमि एवं राजस्व संबंधी कार्य, शासकीय भूमि, रास्ता, वेतन भुगतान, ऑनलाइन राजस्व अभिलेख, समग्र आईडी, राशन पोर्टल और विद्युत बिल से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









