
रिपोर्ट – संदीप भक्ते
जाम/सौसर। क्षेत्र में सिंचाई के लिए बिजली की उपलब्धता का निश्चित समय तय करने की मांग को लेकर जाम सहित आसपास के दर्जनों किसान विद्युत वितरण कार्यालय पहुंचे। किसानों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए खेती के लिए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की। किसानों ने बताया कि बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित नहीं होने से सिंचाई की योजना बनाने में परेशानी होती है। उन्होंने खेती के लिए प्रतिदिन 8 से 10 घंटे का निर्धारित बिजली शेड्यूल जारी करने तथा दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि रात के समय बिजली मिलने पर उन्हें सिंचाई के लिए खेतों पर जाना पड़ता है। इससे समय और संसाधनों का अतिरिक्त उपयोग होता है। किसानों की मांग पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उनकी बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने और जल्द निर्धारित शेड्यूल जारी करने का आश्वासन दिया। किसानों ने नियमित बिजली व्यवस्था की मांग दोहराई।









