
रिपोर्टर – आशीष पाण्डेय
मुंगेली। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को सटीक, समावेशी एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में मुंगेली और लोरमी विधानसभा क्षेत्रों में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा मतदाता संबंधी जानकारी के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को पहली बार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसी क्रम में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सर्वेक्षण और पंजीयन का कार्य प्रभावी ढंग से कर सकें।
घर-घर जाकर करेंगे जानकारी का सत्यापन उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंजोर सिंह पैकरा ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संबंधित जानकारी का सर्वेक्षण एवं सत्यापन करेंगे। इस दौरान वर्तमान मतदाता सूची का एसआईआर-2026 से पूर्व की मतदाता सूची से मिलान किया जाएगा। इसके माध्यम से ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पुरानी सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। नियमानुसार ऐसे मतदाताओं के पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। फॉर्म-6 से जुड़वा सकेंगे नाम सर्वेक्षण के दौरान ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने की जानकारी दी जाएगी। इससे पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं सहित अन्य पात्र नागरिकों को पंजीयन कराने में सुविधा मिलेगी।
विशेष शिविरों और जागरूकता गतिविधियों पर जोर
मतदाता पंजीयन को प्रोत्साहित करने के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को मतदान के महत्व और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में पंजीयन का अवसर उपलब्ध कराना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सहभागिता को प्रोत्साहित करना है।









