
रिपोर्टर – शिवकुमार कंडरा
धमतरी, 9 अक्टूबर। धमतरी पुलिस ने ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 2 लाख 20 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखा चौहान और पृथ्वीराज चौहान, निवासी जिला सोलापुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रक्षाबंधन के दिन ज्वेलरी दुकान से चोरी हुई थी चेन पुलिस के अनुसार, घड़ी चौक स्थित शनि मंदिर के पास आमंत्रण ज्वेलर्स में 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर्व के दौरान ग्राहकों की काफी भीड़ थी। इसी दौरान खरीदारी करने के बहाने दुकान से 17 ग्राम 110 मिलीग्राम वजन की एक जेंट्स सोने की चेन चोरी कर ली गई थी। इसकी कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई। दुकान संचालक की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी विवेचना के दौरान 9 अक्टूबर को पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि आमा तालाब रोड पर यादव भवन के पास दो संदिग्ध व्यक्ति सोने की चेन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान रेखा चौहान, उम्र 50 वर्ष, और पृथ्वीराज चौहान, उम्र 60 वर्ष, निवासी अक्लुज, जिला सोलापुर, महाराष्ट्र के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी द्वारा पहचान किए जाने के बाद आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर विधिवत जब्त की गई।चोरी की गई चेन शत-प्रतिशत बरामद पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक नग सोने की जेंट्स चेन बरामद की है, जिसका वजन 17 ग्राम 110 मिलीग्राम और अनुमानित मूल्य 2 लाख 20 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। धमतरी पुलिस की इस कार्रवाई से ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा हुआ है और चोरी गई संपत्ति उसके मालिक को वापस दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।









