
रिपोर्टर – राजेश यादव
राजगढ़। नगर में पिछले चार दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। विधायक प्रताप ग्रेवाल नगर परिषद परिसर में आयोजित धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना। इस दौरान स्थानीय स्तर पर पूरी होने वाली मांगों के निराकरण को लेकर एसडीएम अजमेरसिंह गौड़ और सीएमओ ज्योति सुनारिया ने आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।
हड़ताल समाप्त होने के बाद शुक्रवार शाम से कचरा संग्रहण वाहन दोबारा शुरू हो गए। शनिवार सुबह से कर्मचारियों के नियमित रूप से काम पर लौटने की बात कही गई, जिससे नगर में सफाई व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।
कर्मचारियों ने रखीं अपनी मांगें धरना स्थल पर विधायक प्रताप ग्रेवाल के समक्ष सफाईकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगें रखीं। कर्मचारियों ने बताया कि वाल्मीकि समाज को मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थान की आवश्यकता होती है। इसके लिए समाज को मांगलिक भवन निर्माण के उद्देश्य से जमीन आवंटित करने की मांग की गई।
इसके अलावा दस और बीस वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को शासन के नियमानुसार वेतनवृद्धि का लाभ देने, नए कर्मचारियों की भर्ती करने तथा अन्य मांगों के निराकरण का विषय भी उठाया गया।
अधिकारियों ने दिया मांगों के निराकरण का आश्वासन कर्मचारियों से चर्चा के दौरान एसडीएम अजमेरसिंह गौड़ ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पूरी होने वाली मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएमओ ज्योति सुनारिया ने आश्वासन दिया कि स्थानीय स्तर पर निराकरण योग्य मांगों को नियमानुसार पूरा किया जाएगा। शासन स्तर से संबंधित मांगों के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।
विधायक की मौजूदगी में हुई चर्चा और अधिकारियों के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। इससे नगर की नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने की दिशा में पहल हुई है।
नगरहित में सफाई व्यवस्था बनाए रखना जरूरी विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि सफाईकर्मियों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाना चाहिए। कर्मचारियों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान निकालने के लिए अधिकारियों को आवश्यक पहल करनी चाहिए। साथ ही, नगर की सफाई व्यवस्था नियमित बनाए रखना भी जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा संबंध नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण से है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और प्रशासन के बीच संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जाना चाहिए। विधायक ने उम्मीद जताई कि हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर में सफाई व्यवस्था नियमित रूप से संचालित होगी और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा। ये रहे उपस्थित इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भंवरसिंह बारोड़, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक जैन, पार्षद राजेश गुंडिया, पार्षद प्रतिनिधि भारत सिंगार, पत्रकार प्रभुसिंह राजपूत, लेखापाल आरएस वसुनिया, अर्जुन चोयल, पूर्व पार्षद देवीलाल भिड़ौदिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









