
शहडोल से राजेंद्र कुमार शर्मा
शहडोल जिले के जनपद पंचायत जयसिंहनगर के ग्राम पंचायत पतेरिया टोला बुधसार में चल रहा आदि कर्मयोगी अभियान का जगह-जगह कार्यक्रम घर-घर जा रहे कार्यकर्ताओं द्वारा सभी मोहल्लों और प्रत्येक वार्ड में चल रहा है। लोग कार्यक्रम के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान जनजातीय ग्रामों को उत्कर्ष ग्राम बनाने की पहल है। विशेष जनजातियों के लिए पी.एम. जनमन योजना जैसी कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है, ताकि प्रत्येक बैगा परिवार और व्यक्ति इसका लाभ प्राप्त कर सके और बाकी जनजातियों को भी इसी तरह का लाभ मिले। इसके लिए जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना प्रारंभ की गई है। इसे सफल बनाने हेतु आदि कर्मयोगी अभियान चलाया जा रहा है। इन अभियानों के तहत प्रत्येक जनजाति ग्राम के लिए अगले 5 साल यानी 2030 तक के लिए विजन प्लान बनाया जा रहा है। ग्राम की आवश्यकताओं का आंकलन ग्रामवासी और शासकीय अधिकारी, कर्मचारी करेंगे। विभिन्न योजनाओं में छूटे हुए लोगों की सूची बनाई जाएगी। गांव में उपलब्ध संसाधन और जिन संसाधनों की आवश्यकता है, उसका आंकलन कर ग्राम विजन प्लान में उल्लेख किया जाएगा, ताकि आगामी 5 सालों में ग्राम को सभी सुविधाओं से संपन्न आदर्श ग्राम बनाया जा सके। इस अभियान में लगभग सभी सरकारी विभागों का समन्वय होगा तथा सभी मिलकर कार्य करेंगे। विजन प्लान बनाने के लिए शासकीय कर्मी ग्राम का भ्रमण करेंगे तथा लोगों से मिलकर ग्राम की आवश्यकताओं पर चर्चा करेंगे। 30 सितंबर तक ग्राम विकास का अंतिम रूप दिया जाएगा और 2 अक्टूबर की ग्राम सभा में अनुमोदन लिया जाएगा। ग्राम में आदि सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। यह केंद्र ग्रामीणों की समस्याओं के निदान के लिए कार्यशील रहेगा। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं को लेकर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। सेवा केंद्र पर ही आवेदन दिया जाएगा, जिसे संबंधित अधिकारी तक पहुंचाकर निराकरण कराया जाएगा। ग्रामीणों का समय और भटकना बचेगा। उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि विजन प्लान बनाने के लिए पूर्ण मनोयोग से कार्य करें। शिक्षक, विद्यार्थी और सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता सभी मिलकर सहयोग करें और आदि कर्मयोगी अभियान कार्यक्रम को सफल बनाएं।









