
रिपोर्टर शिव कुमार
धमतरी 2 अक्टूबर 2025/ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) तथा आवास प्लस 2018 की सूची का जिला प्रशासन द्वारा पुनरीक्षण किया गया। इस प्रक्रिया में धमतरी जिले के कुल 2 हजार 115 हितग्राही अपात्र पाए गए हैं, जिनके नाम शासन को निरस्तीकरण हेतु प्रेषित किए जाएंगे। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपात्र हितग्राहियों की संख्या जनपद धमतरी में 408, कुरुद में 353, मगरलोड में 546 तथा नगरी में 808 है। यह सूची ग्रामसभाओं से अनुमोदन उपरांत जनपद पंचायतों के माध्यम से जिला कार्यालय तक भेजी गई है। जिला पंचायत अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को अपात्र सूची में अपना नाम दर्ज होने पर आपत्ति है तो वह संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय में 10 अक्टूबर 2025 को शाम 5 बजे तक कार्यालयीन समय में लिखित आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। अपात्र हितग्राहियों की पूरी सूची जिला एवं जनपद पंचायत कार्यालयों के सूचना पटल पर तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.dhamtari.nic.in एवं www.dhamtari.gov.in पर उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे समय पर अपनी आपत्तियाँ दर्ज करें ताकि योजना के वास्तविक लाभार्थियों को ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित हो सके।









