
रिपोर्टर – भगवानदास शाह, जिला बुरहानपुर
बुरहानपुर। खंडवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के निरंतर प्रयासों से लंबे समय से बंद पड़ी नेपानगर स्थित नेपा लिमिटेड अखबारी कागज मिल में एक बार फिर उत्पादन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यह क्षण न केवल नेपानगर बल्कि आसपास के आदिवासी क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। मिल के पुनः संचालन से क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है तथा रोजगार और विकास की नई उम्मीद जगी है।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक औद्योगिक इकाई का पुनः संचालन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक पुनर्जागरण की मजबूत शुरुआत है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि नेपा मिल को पुनः प्रारंभ कराने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए हैं और केंद्र सरकार से मिल के लिए आवश्यक कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे मिल पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो सकेगी और युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार मिलेगा।
सांसद पाटील ने मिल के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं श्रमिकों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में ट्रायल रन को सफल बनाना उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यही प्रयास इस पुनर्जीवन की आधारशिला बने हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेपानगर दौरे के दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी शासकीय विभागों में नेपा मिल में उत्पादित कागज के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु नीतिगत निर्णय लेने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री द्वारा इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया गया है, जिससे मिल के भविष्य को और मजबूती मिलने की संभावना है।
सांसद ने कहा कि नेपा मिल का पुनः संचालन न केवल रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करेगा, बल्कि नेपानगर सहित पूरे आदिवासी अंचल के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगा।
अंत में उन्होंने सभी कर्मचारियों, अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और इसे नेपानगर के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत बताया।
मिल के पुनः प्रारंभ होने पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने भी सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों और सक्रिय पहल के कारण ही यह संभव हो सका है।









