
रिपोर्टर – अरशद अली
दुर्ग। पंचवटी, शिवनाथ नदी रोड स्थित परिसर में सोमवार को अधिवक्ता संघ का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अधिवक्ता समाज के हितों और न्याय व्यवस्था की गरिमा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के. विनोद कुजूर ने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विधि एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रधान कुटुम्ब न्यायाधीश सुमन एक्का, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर एवं दुर्ग महापौर अलका बाघमार सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता तथा न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी भी समारोह में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अध्यक्ष रमेश शर्मा, उपाध्यक्ष प्रशांत जोशी, सचिव रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष साकेत मिश्रा, महिला उपाध्यक्ष पूजा मोंगरी, सहसचिव राकेश यदू, महिला सहसचिव संध्या शुक्ला, क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव रवि शंकर मानिकपुरी, दसोदा सिक्का एवं ग्रंथालय सचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही कार्यकारिणी सदस्य निखिल महलवार, केशव वर्मा, राजेश नायक, अमर जैन, रवीश सिंह राजपूत, अनामिका गुहा एवं गायत्री उपाध्याय ने भी शपथ ग्रहण की। नव निर्वाचित टीम ने अधिवक्ता समाज की गरिमा और न्याय व्यवस्था की प्रतिष्ठा को बनाए रखने के साथ अधिवक्ताओं के हितों, समस्याओं एवं आवश्यकताओं के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। समारोह के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं अधिवक्ताओं ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।









