
रिपोर्टर – राजेन्द्र तिवारी
नगरपालिका बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर हुआ मंथन विधायक मलैया ने कहा—शहर के विकास में सभी की सहभागिता जरूरी, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने दिए दिशा-निर्देश, विकास कार्यों के लिए तय हुई समय-सीमा दमोह। नगरपालिका से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर विधायक जयंत मलैया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, कचरा प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।विधायक जयंत मलैया ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर सहभागिता के साथ कार्य करना होगा। नगरपालिका से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और संबंधित विभागों का समन्वय महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूर्व में विद्युत विभाग से संबंधित बैठक के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इसी प्रकार के समन्वित प्रयासों से शहर के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में सहभागिता सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग कर सकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ऐसे कार्य भी आसानी से पूरे किए जा सकते हैं, जिनके लिए व्यापक सहयोग की आवश्यकता होती है। नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी रोजमर्रा की आवश्यकताओं से जुड़े विषयों का तत्परता और संवेदनशीलता के साथ समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल एवं कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने बैठक में शहर से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिन कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जिनमें कार्य प्रारंभ किया जाना है तथा जिन कार्यों का लोकार्पण किया जाना है, उन सभी विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को शीघ्र सुविधाओं का लाभ मिल सके। वर्ष 2022 से स्वीकृत विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा बैठक में वर्ष 2022 से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रत्येक कार्य के लिए निर्धारित समय-सीमा तय की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराकर नागरिकों को समर्पित किया जाए, जिससे शासन द्वारा स्वीकृत योजनाओं का उद्देश्य पूरा हो और शहरवासियों को उनका लाभ मिल सके।कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यों के क्रियान्वयन के दौरान आवश्यक सहयोग और समन्वय उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि विकास कार्य सुचारू रूप से पूरे हो सकें। आवश्यकता पड़ने पर विधायक निधि से भी सहयोग विधायक जयंत मलैया ने शहर के विकास कार्यों के लिए आवश्यकता पड़ने पर विधायक निधि से सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए भोपाल स्तर से अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होने पर भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। इससे शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित होगी समीक्षा कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि आगामी समय में भी विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों को लेकर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा लगातार की जाएगी।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, नगरपालिका एवं जनप्रतिनिधियों का सामूहिक प्रयास है कि दमोह शहर में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और शहर स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित स्वरूप की ओर आगे बढ़े।









