
रिपोर्टर – संतोष केरावत
रतलाम, 7 अक्टूबर 2026। अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक श्री महेन्द्रसिंह यादव के प्रथम रतलाम आगमन पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रतलाम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न शाखाओं एवं समितियों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में शासन द्वारा लागू कवच योजना एवं एकल ऋण वितरण प्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। श्री यादव ने इन व्यवस्थाओं से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली तथा बैंक की प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की।
बैंक की लाभप्रदता एवं कार्य प्रगति को लेकर श्री यादव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की सराहना की। उन्होंने समिति प्रबंधकों को किसानों से निरंतर संपर्क बनाए रखने और ऋण वितरण तथा रासायनिक उर्वरक की उपलब्धता को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। श्री यादव ने कहा कि किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ सरलता से मिलना चाहिए। किसानों के लिए 0 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा निर्धारित ब्याज राशि का भुगतान शासन द्वारा बैंक को किया जा रहा है। उन्होंने समितियों को किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्रियता से कार्य करने का सुझाव दिया। बैठक में बैंक महाप्रबंधक श्री कृतज्ञ गुप्ता, उपायुक्त सहकारिता श्री एन.एस. भाटी, प्रबंधक प्रशासन सुश्री आंचल श्रोत्रिय, बैंक अधिकारी-कर्मचारी, शाखा प्रबंधक एवं समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।









