
रिपोर्टर – आकाश गुप्ता
बिलासपुर। शहर की सिंधी कॉलोनी में “56 दिन में पैसा डबल” करने का लालच देकर भोले-भाले लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाला मुख्य आरोपी हीरा भागवानी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया और उसे जेल भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार हीरा भागवानी ने शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को तय समय पर दोगुना पैसा लौटाया, जिससे इलाके में स्कीम की चर्चा फैल गई और बड़ी संख्या में लोग लालच में आकर इसमें निवेश करने लगे। लेकिन धीरे-धीरे असलियत सामने आई और करोड़ों रुपये वसूलने के बाद हीरा भागवानी फरार हो गया। लंबे समय से उसकी तलाश चल रही थी, अंततः सिविल लाइन पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार हीरा भागवानी पर आरोप है कि उसने लोगों को 56 दिन में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी की। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य शामिल लोगों की भी जांच कर रही है। डेली न्यूज़ टाइम्स ने तीन महीने पहले इस मामले में खबर प्रकाशित कर लोगों को आगाह किया था।









