
रिपोर्ट : राजेन्द्र तिवारी,
समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने आकस्मिक निरीक्षण जारी
अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पिपरिया मिसर गांव की रोशनी बाई लोधी, पति टंडन लोधी द्वारा एंबुलेंस सेवा के लिए कॉल किया गया था। मामले की जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग भोपाल को भेजी गई, जिसके आधार पर संबंधित पक्ष पर ₹2,23,819 का अर्थदंड लगाया गया है।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि आमजन को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए अस्पतालों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अस्पताल निर्धारित समय पर संचालित हों, डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी समय पर उपस्थित रहें तथा मरीजों को आवश्यक उपचार और सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों।
24 घंटे में उपलब्ध कराई जाएं आवश्यक दवाएं
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित आवश्यक दवाएं सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहना आवश्यक है। अस्पतालों से प्राप्त होने वाले इंडेंट के आधार पर जिला सीएमएचओ कार्यालय द्वारा 24 घंटे के भीतर दवाएं जारी कर संबंधित अस्पतालों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी अस्पताल का इंडेंट लंबित न रहे। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को निशुल्क उपचार एवं निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे मरीजों को आवश्यक दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।









