
रिपोर्टर विजय कुमार दुबे
जांजगीर। ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं पूर्व राष्ट्रपति तथा महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में गीत, कविता, भाषण, नृत्य एवं नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया। विद्यालय के प्रधान प्राचार्य डॉ. अखिलेश कटकवार ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के ज्ञान के साथ जीवन में सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। डॉ. कटकवार ने बदलते तकनीकी दौर का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को नवाचार के प्रति जागरूक रहने तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे बदलावों से स्वयं को अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया।राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी देव कश्यप ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव तैयार करती है। कार्यक्रम में हर्ष रत्नाकर, आयुषी, तौसीफ अली, अनन्या राठौड़, हर्षित, आस्था, नेहा, दीपांजलि एवं मानव सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य संबंध, शिक्षक सम्मान एवं शिक्षा के महत्व का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।









