
रिपोर्टर- राहुल त्रिवेदी
विदिशा। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितम्बर को भारतीय स्टेट बैंक, विदिशा मुख्य शाखा की ओर से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, विदिशा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य सहित सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक वीरेंद्र सिंह तोमर एवं स्टाफ सदस्य संजय साहू तथा शुभम पाटिल ने विद्यालय के प्राचार्य के. सिंह सहित सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। शाखा प्रबंधक वीरेंद्र सिंह तोमर ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व एवं संस्कार निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य को आकार देने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में उपस्थितजनों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ बैंक एवं विद्यालय के बीच सहयोग एवं जागरूकता का संदेश भी दिया गया।









