
रिपोर्टर- रिंकू सिंह तोमर
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में आमजन को सहज एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष विभाग द्वारा विशेष चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से जनजातीय एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधि वितरण और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण निर्देशों के पालन में रविवार को आयुष विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर गुड़र तथा शासकीय आयुर्वेद औषधालय छर्च के अंतर्गत आने वाले जनजातीय ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष आयुर्वेद चिकित्सा शिविर लगाए गए। शिविरों में विभागीय चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। साथ ही ग्रामीणों को मौसम में बदलाव के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने बताया कि अतिवृष्टि प्रभावित एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। आयुष विभाग द्वारा संचालित विशेष स्वास्थ्य शिविरों का क्रम आगे भी जारी रहेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्थान पर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जा सके।









