
रिपोर्ट – डॉ. आनंद
बुरहानपुर (नि.प्र.)। मारवाड़ी युवा मंच बुरहानपुर द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में किया गया। समारोह में शिक्षकों के योगदान और सेवाओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंच के सचिव दिलीप कासलीवाल द्वारा अतिथियों, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों के स्वागत और संबोधन के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्यनारायण पुरोहित ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में लोकेश जड़िया उपस्थित रहे। मंच के प्रचार मंत्री रामकुमार अग्रवाल ने बताया कि समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक रविंद्र महाजन, बसंत निंभोरे एवं चंपालाल धनकर तथा शिक्षिकाओं शोभा देवड़िया एवं माला बुंदेले को शाल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रोजेक्ट चेयरमैन प्रदीप कसेरा ने सम्मानित शिक्षकों की सेवाओं और योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं प्रोजेक्ट कन्वीनर विशाल जैन ने विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद कुलकर्णी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का स्वागत किया। कार्यक्रम में सुरेंद्र मोदी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर मंच के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र जालान, सुनील मुदंडा, पुनीत पुजारी, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष विशाल सेठिया तथा कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र जैन, किशोर देवड़ा, गौरव अग्रवाल एवं अंकित तोदी सहित मंच के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किशन मुदंडा ने किया। अंत में आभार व्यक्त किया गया। समारोह के दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता का भाव देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से शिक्षक समाज के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।









