
रिपोर्टर कार्तिक चौधरी
नरसिंहपुर। जिले के सुरवारी ग्राम में संचालित एक निजी क्लीनिक को लेकर स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग से जांच की मांग की गई है। ग्रामीणों ने क्लीनिक के संचालन, चिकित्सकीय पंजीयन और उपचार में उपयोग की जा रही दवाओं एवं प्रक्रियाओं की नियमानुसार जांच कराने का अनुरोध किया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, डॉ. मोहम्मद यासीन खान द्वारा संचालित बताए जा रहे ‘संजीवनी क्लिनिक’ में होम्योपैथिक चिकित्सा संबंधी योग्यता का उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्लीनिक में एलोपैथिक दवाओं, इंजेक्शन एवं आईवी फ्लूइड के उपयोग की जानकारी भी सामने आई है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग से दस्तावेजों और उपचार पद्धति का परीक्षण कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने यह भी अनुरोध किया है कि क्लीनिक के पंजीयन, चिकित्सकीय योग्यता तथा वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जांच संबंधित नियमों के अनुसार की जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों की नियमित निगरानी और आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं उचित चिकित्सा सुविधा मिल सके।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच के निष्कर्ष के आधार पर उचित कदम उठाने का अनुरोध किया है।









