
रिपोर्ट/अर्जुन ठाकुर
दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलिया गांव में एक युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे जिला अस्पताल दमोह लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जावेद अहमद ने उसका उपचार किया। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए देर रात युवक को जबलपुर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार भगवान सिंह आदिवासी को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। परिजनों और साथ मौजूद लोगों द्वारा शराब अथवा किसी अन्य पदार्थ के सेवन की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस-प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। घटना की वास्तविक वजह मेडिकल जांच एवं पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और युवक की स्थिति के संबंध में चिकित्सकों से चर्चा की। परिजनों के अनुसार युवक द्वारा बल्क शराब का सेवन किए जाने की बात सामने आई है। इसके साथ ही क्षेत्र में कुछ लोगों के बड़ी मात्रा में शराब लेकर पहुंचने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस द्वारा इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। थाना प्रभारी अरविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गणेशपुरा और हरदुआ क्षेत्र में जांच एवं चेकिंग की। इस दौरान युवक के साथ गए बताए जा रहे कल्याण और चंदू सिंह से जानकारी ली गई। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए दोनों को भी जिला अस्पताल दमोह में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर युवक की तबीयत बिगड़ने के कारणों की पुष्टि होगी। साथ ही क्षेत्र में शराब की बिक्री एवं संबंधित गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।









