
रिपोर्टर – मनीष पटैय्या
बैतूल। आयुष विभाग द्वारा 7 सितंबर को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर जिले में स्वर्ण प्राशन अभियान आयोजित किया गया। जिले के तीन केंद्रों पर हुए कार्यक्रम में कुल 396 बालक-बालिकाओं को स्वर्ण प्राशन कराया गया। अभिभावकों ने बच्चों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। जिला आयुष अधिकारी एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र के अवसर पर स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में सितंबर माह में भी जिले के निर्धारित केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय आयुर्वेद जिला चिकित्सालय टिकारी में 311 बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। जिला आयुष विंग बैतूल में 65 तथा शासकीय आयुर्वेद औषधालय भैंसदेही में 20 बालक-बालिकाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इस तरह तीनों केंद्रों पर कुल 396 बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। डॉ. चौकीकर ने बताया कि अगला पुष्य नक्षत्र 5 अक्टूबर को होगा। उन्होंने अभिभावकों से 6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम में लाने की अपील की। आयुष विभाग के अनुसार स्वर्ण प्राशन में शंखपुष्पी, वचा, ब्राह्मी, स्वर्ण भस्म, शहद और घृत का मिश्रण उपयोग किया जाता है। विभाग के अनुसार इसका उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, प्रतिरक्षा क्षमता तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहयोग प्रदान करना है।









