
रिपोर्ट – पप्पू सोलंकी
मंदसौर। मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर शराब संबंधी अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल, सीएसपी श्री जितेंद्र भास्कर, थाना प्रभारी दलौदा उप निरीक्षक रविंद्र प्रताप डांगी के मार्गदर्शन में कचनारा चौकी प्रभारी भीम सिंह राठौर एवं पुलिस टीम ने 8 सितंबर 2026 को ग्राम उमाहेड़ा डेरे में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम को क्षेत्र के आसपास झाड़ियों एवं टिन शेड में रखे विभिन्न प्लास्टिक डिब्बों और टंकियों में करीब 1500 लीटर महुआ लहान मिला। पुलिस के अनुसार लहान को मौके पर नियमानुसार नष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण एवं लहान रखने में उपयोग किए जा रहे प्लास्टिक डिब्बों और ड्रमों को भी नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान अंशु चौहान के कब्जे से 73 देशी शराब के क्वार्टर, अनुमानित कीमत 7,300 रुपये, बरामद किए गए। वहीं दिनेश चौहान के कब्जे से करीब 13 लीटर महुआ शराब, अनुमानित कीमत 1,300 रुपये, जब्त की गई। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय कार्रवाई में कचनारा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक भीम सिंह राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा क्षेत्र में शराब संबंधी गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।








