
रिपोर्टर – आदित्य प्रकाश द्विवेदी
बस्ती। बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज, बस्ती में मिशन शक्ति एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी संजीव त्यागी रहे। उन्होंने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान और साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए जागरूक एवं सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। पुलिस विभाग की ओर से सीओ मानसी दहिया, शहर कोतवाल एवं महिला पुलिस टीम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महिला पुलिसकर्मी साईस्ता मैडम द्वारा मिशन शक्ति के तहत आत्मरक्षा का अभ्यास कराया गया। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी व्यवहारिक रूप से दी।कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राएं, शिक्षिकाएं और पुलिस विभाग की महिला टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के लिए तैयार करना रहा।









