
रिपोर्टर उदय विजय वर्गीय
11 से 13 सितंबर तक भोपाल में होगी तूर्यनाद छात्र संसद, 24 राज्यों के युवा करेंगे अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व राजगढ़। जिले के छात्र आनंद शर्मा का देश की प्रतिष्ठित तूर्यनाद छात्र संसद के लिए चयन हुआ है। भोपाल स्थित एनआईटी में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय छात्र संसद में देश के 24 राज्यों से चयनित युवा शामिल होंगे और अपने-अपने राज्य एवं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में महामहिम राज्यपाल सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकुंद कानिटकर के भी शामिल होने की जानकारी है। तीन दिवसीय छात्र संसद में देशभर से आए युवा संसदीय कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय एवं सामाजिक विषयों को सदन में रखने, भाषण देने, विभिन्न अधिनियमों पर चर्चा करने तथा पक्ष-विपक्ष के बीच विचार-विमर्श में भाग लेने का अवसर प्रतिभागियों को मिलेगा।तूर्यनाद छात्र संसद के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय परंपराओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिभागी अपने क्षेत्र के मुद्दों और विचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। साथ ही युवाओं के बीच विचारों का आदान-प्रदान भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। आनंद शर्मा छात्र राजनीति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में राजगढ़ का सक्रिय युवा चेहरा हैं। वे युवाओं से जुड़े विषयों को लेकर सक्रिय रहे हैं और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी निभाते रहे हैं। इससे पहले भी वे मध्यप्रदेश विधानसभा में राजगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आनंद ने नुक्कड़ नाटक, नशामुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), पौधारोपण सहित कई सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई है। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में योगदान दिया है। राष्ट्रीय छात्र संसद में चयन को लेकर आनंद शर्मा ने कहा कि राजगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय मंच पर अपनी बात रखने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं के साथ संवाद करने, उनके विचारों को जानने और संसदीय कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उनके लिए सीखने, नए अनुभव प्राप्त करने और अपनी क्षमताओं को निखारने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। आनंद शर्मा के राष्ट्रीय छात्र संसद के लिए चयन पर परिजनों, मित्रों, शिक्षकों एवं साथियों में प्रसन्नता का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय मंच पर राजगढ़ का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।









