
रिपोर्ट – संदीप भक्ते
पांढुर्णा, 13 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं से हुए बदलाव तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिलेभर में सेवा, जनसंपर्क, जनभागीदारी और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।अभियान की विस्तृत रूपरेखा, कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी देने के लिए जिला भाजपा कार्यालय पांढुर्णा में पत्रकार वार्ता आयोजित हुई। इसमें मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त पद्मश्री मोहन नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले तथा भाजपा जिला महामंत्री एवं अभियान के जिला संयोजक देवेन्द्र गायकवाड़ ने जानकारी साझा की। प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा 17 सितंबर – सेवा दिवस एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के शुभारंभ अवसर पर रक्तदान शिविर, स्वच्छता एवं समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 7 बजे कार्यकर्ता लाभार्थी परिवारों के घर पहुंचकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। पांढुर्णा में भाजपा कार्यालय सहित श्री जामसांवली हनुमान मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर मोहगांव और कालीनाथ मंदिर लिंगा सहित प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत’ – 17 सितंबर से 7 अक्टूबर विद्यालयों में ‘विकसित भारत’ की कल्पना और प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों पर आधारित चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाट्य एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गांवों, विद्यालयों, पंचायतों एवं सामुदायिक केंद्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ – 25 सितंबर से 7 अक्टूबर आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित होंगे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। ‘सेवा की कहानी’ सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के अनुभवों पर आधारित रील्स तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से न्यूनतम 10 रील्स का लक्ष्य रखा गया है। 2 अक्टूबर – गांधी जयंती जिलेभर में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, सामाजिक सरोकार एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। नागरिक न्यूनतम 25 मिनट श्रमदान कर अभियान में सहभागी बन सकेंगे। ‘सेवा सेतु’ विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहयोग किया जाएगा। 7 अक्टूबर – ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एकत्रित होंगे और ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। वडनगर से वाराणसी ‘सेवा यात्रा’ का पांढुर्णा में आगमन राष्ट्रीय कार्यक्रमों के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक आयोजित ‘सेवा यात्रा’ 25 सितंबर को पांढुर्णा जिले में प्रवेश करेगी। लगभग 250 बाइक पर 500 यात्रियों की यह यात्रा मध्यप्रदेश से होते हुए आगे बढ़ेगी। जिले में यात्रा का स्वागत किया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर जनभागीदारी से कार्यक्रम होंगे। 26 सितंबर को श्री जामसांवली हनुमान मंदिर में दर्शन एवं पूजन के बाद यात्रा महाराष्ट्र की ओर रवाना होगी। सेवा और जनभागीदारी को मजबूत करने का संकल्प पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा, संस्कार एवं जनभागीदारी को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य है। भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा भावना और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पांढुर्णा जिले के प्रत्येक बूथ एवं परिवार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा भाजपा की कार्यपद्धति का मूल भाव है।प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले ने प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को देश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, संवाद और जनभागीदारी को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक देवेन्द्र गायकवाड़ ने बताया कि अभियान की कार्ययोजना जिला स्तर से बूथ स्तर तक संचालित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिक विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी गतिविधियों से जुड़ सकें।









