
रिपोर्टर – देवेंद्र गुप्ता
डोंगरगांव। गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी के अवसर पर होने वाले प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात, विसर्जन मार्ग, सुरक्षा एवं आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की गई। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर करने तथा कार्यक्रम के दौरान मर्यादित एवं पारिवारिक वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अश्लील गानों के स्थान पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर जोर गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों ने विसर्जन के दौरान अश्लील एवं फूहड़ गीतों का उपयोग नहीं करने पर सहमति जताई। समितियों द्वारा शाम 4 बजे से पूर्व पंडाल से प्रतिमा रवाना करने तथा रात्रि 11 बजे तक विसर्जन प्रक्रिया पूर्ण करने की बात कही गई। निर्धारित समय एवं नियमों के पालन को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नशामुक्त एवं अनुशासित आयोजन की अपील नगर निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर ने विसर्जन के दौरान सभी श्रद्धालुओं एवं समिति सदस्यों से नशामुक्त एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोजन में शामिल सभी लोग सुरक्षा एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें। मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों एवं आवश्यक स्थानों पर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। बरगांव एनीकट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था प्रतिमा विसर्जन स्थल बरगांव एनीकट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए गए। स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, क्रेन, बैरिकेडिंग तथा आपात स्थिति में सहायता के लिए गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन व्यवस्था तथा प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी भी की गई है। सामूहिक सहयोग से सफल होगा आयोजन बैठक में प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों, नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ पर्व मनाने की अपील की। प्रशासन का उद्देश्य गणेश विसर्जन कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित, मर्यादित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। बैठक में एसडीओपी मंजुलता बाज, तहसीलदार कमलकिशोर साहू, नगरपालिका सीएमओ विनम्र जेमा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी, साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष निरेंद्र साहू, रामकिशन माहेश्वरी, स्वरूपचंद जैन, रामकुमार गुप्ता, सद्दाम खत्री, प्रफुल्ल जैन, दयानंद सेन, राजीव वैष्णव, योगेश पटेल, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार गोविंद गुप्ता, घनश्याम साव, दिवाकर सोनी, रज्जा राणा, महेंद्र लेंझारे, देवेंद्र गुप्ता, नवनीत अहीर सहित विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।









