
रिपोर्टर : जय प्रकाश
जबलपुर। भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ जरूरत के समय सहायता प्रदान करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसका उदाहरण जबलपुर मंडल में देखने को मिला, जहां ट्रेन में यात्रा कर रही नौ माह की गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर रेल मदद 139 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की। ट्रेन संख्या 11055 के बी-1 कोच की बर्थ संख्या 66 पर कल्याण से मोहम्मदाबाद की यात्रा कर रहीं 27 वर्षीय श्रीमती रेशमा, जो नौ माह की गर्भवती थीं, को यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसकी सूचना रेल मदद 139 के माध्यम से जबलपुर मंडल को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सतना स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) ने आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दीं। स्टेशन पर व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई तथा ट्रेन के सतना पहुंचने पर महिला यात्री को उनके परिजनों के साथ सुरक्षित रूप से ट्रेन से उतारा गया। महिला यात्री को प्लेटफॉर्म नंबर 2 से प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक व्हीलचेयर की सहायता से पहुंचाया गया। यहां एम्बुलेंस क्रमांक MP 19 GA 4712 पहले से उपलब्ध थी। इसके बाद महिला को चिकित्सा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय, सतना भेजा गया। रेलवे कर्मचारियों की तत्परता पूरी प्रक्रिया में रेलवे कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कीं। रेल मदद 139 के माध्यम से मिली सूचना पर सतना स्टेशन पर की गई त्वरित व्यवस्था यात्री सहायता और सेवा भावना का उदाहरण बनी। जबलपुर मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सहायता के लिए लगातार तत्पर है। रेल मदद 139 के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई कर यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। यात्री सेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, मानवीय संवेदना भी है।









