
रिपोर्टर : भव्य जैन
जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, हाथीपावा पर लगाए गए 2 हजार पौधे मंत्री निर्मला भूरिया एवं प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश झाबुआ, 17 सितंबर 2026। सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक पौधारोपण अभियान का शुभारंभ हाथीपावा पहाड़ी, झाबुआ से किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि तथा वन एवं आनंद विभाग के प्रमुख सचिव श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सेवा-संकल्प अभियान के तहत जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर वन विभाग एवं शिवगंगा के सहयोग से हाथीपावा पहाड़ी पर 2 हजार पौधे लगाए गए। साथ ही रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। वृक्ष स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिसे जनभागीदारी से सफल बनाया जाएगा। मंत्री सुश्री भूरिया ने जिलेवासियों से सेवा-संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से झाबुआ जिले को अधिक हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रमुख सचिव वन एवं आनंद विभाग श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह ने हाथीपावा क्षेत्र का अवलोकन किया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाथीपावा के समीप अन्य पहाड़ी क्षेत्र में भी पौधारोपण, हाथीपावा में स्वच्छता अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों का संरक्षण और पहाड़ी क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि जिले में एक लाख पौधों के रोपण के लक्ष्य को विभागीय समन्वय एवं जनसहभागिता से पूरा किया जाएगा। पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे अभियान के दीर्घकालिक परिणाम सुनिश्चित हो सकें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त इंदौर श्री पी.एन. मिश्रा, वन मंडलाधिकारी जिला झाबुआ श्री अमित वसंत निकम, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, वनमंडलाधिकारी सामाजिक वानिकी वृत्त झाबुआ श्री हिमांशु त्यागी, शिवगंगा के श्री राजाराम कटारा, ग्राम वन समिति अध्यक्ष कालापीपल श्री रमेश मेडा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









