
रिपोर्टर लखन ठाकुर
मंडलेश्वर। महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स के लिए 9 एमपी एनसीसी बटालियन इंदौर द्वारा विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर जसविन्दर सिंह बरगोटी के निर्देश तथा एडम ऑफिसर कर्नल वरुण भारतीय एवं सूबेदार संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में 9 एमपी एनसीसी पीआई स्टाफ के अमित सिंह ने विद्यार्थियों को सेना एवं एनसीसी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन, सेवा भावना तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना एवं देशसेवा की भावना विकसित करने पर भी जानकारी दी गई। एनसीसी अधिकारियों के अनुसार एनसीसी संचालित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में समय-समय पर इस प्रकार के व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सेना एवं एनसीसी की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरणा मिलती है। विद्यालय में संचालित है ‘ए’ सर्टिफिकेट कोर्स एनसीसी ऑफिसर राकेश बारिया ने बताया कि महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एनसीसी संचालित है और यहां ‘ए’ सर्टिफिकेट कोर्स उपलब्ध है। नगर के तीन निजी विद्यालयों में भी एनसीसी का ‘ए’ सर्टिफिकेट कोर्स संचालित है। उन्होंने बताया कि नगर में एक शासकीय एवं तीन डिग्री कॉलेज हैं। इन संस्थानों में भी एनसीसी की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं, जिससे महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को एनसीसी गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। विद्यालय के प्राचार्य जे.के. सोनी ने बताया कि विद्यालय में एनसीसी के साथ स्काउट गतिविधियां भी संचालित हैं। उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी एनसीसी प्रशिक्षण शुरू किए जाने की आवश्यकता बताई, ताकि छात्राओं को भी एनसीसी प्रशिक्षण एवं इससे जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता का अवसर मिल सके। व्याख्यान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने सेना एवं एनसीसी से संबंधित जानकारी प्राप्त की और विभिन्न विषयों पर संवाद किया।









