
रिपोर्ट – दिनेश झा
बदरवास। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, उल्लेखनीय योगदान एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए आदर्श शिक्षक गोविन्द अवस्थी को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। गत दिवस बदरवास में जनपद शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित संवाद कार्यशाला कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव एवं डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने शिक्षक गोविन्द अवस्थी को माला पहनाकर, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिथियों ने शिक्षक गोविन्द अवस्थी के शिक्षा के प्रति समर्पण, नवाचार एवं विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समर्पित शिक्षक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान मिलने पर गोविन्द अवस्थी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरणा प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की बात कही।कार्यक्रम में बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, एपीसी उमेश करारे, बीईओ राकेश शर्मा एवं सुरेश सोनी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।









