
रिपोर्टर बलराम बारोलिया
गणेश विसर्जन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश; सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना एवं भू-अर्जन में लापरवाही कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने समय-सीमा बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान के तहत वड़नगर से वाराणसी यात्रा की तैयारियां समय-पूर्व पूर्ण करने तथा गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सेवा संकल्प अभियान के सुचारू संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत संचालित सभी गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वड़नगर से वाराणसी यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए जनपद सीईओ की ड्यूटी लगाने तथा एसडीएम को इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर करें निराकरण कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन एवं सेवा संकल्प अभियान से संबंधित कार्यों में लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को 100 दिवस से अधिक समय तक लंबित रखने वाले संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएं। स्वामित्व योजना के तहत ई-केवाईसी में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में जहां भी फसल क्षति की जानकारी मिले, वहां एसडीएम को तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रक्तदान शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना, आयुष्मान, आभा एवं अपार आईडी तथा भू-अर्जन सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गणेश विसर्जन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सभी एसडीएम को गणेश विसर्जन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थलों पर क्रेन, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पर्याप्त अमला, गोताखोर एवं सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।उन्होंने विसर्जन स्थलों पर आपातकालीन मेडिकल टीम एवं आपदा प्रबंधन टीम की व्यवस्था करने तथा पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।









