
रिपोर्टर – सतीश सिंह
जिगना। क्षेत्र के भिलगौर गांव स्थित शिवाला घाट पर शनिवार को भादौं पूर्णमासी समिति की ओर से कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया, वहीं दर्शकों ने उत्साहपूर्वक मुकाबलों का आनंद लिया। दंगल के प्रमुख मुकाबले में प्रयागराज केशरी अरविंद तिवारी पहलवान ने जौनपुर के निगम पहलवान को शानदार धोबीपाट दांव से पराजित कर 51 हजार रुपये की इनामी बाजी अपने नाम की। इसके साथ ही उन्होंने दंगल चैंपियन की शील्ड भी हासिल की। वाराणसी के गोपी पहलवान, अयोध्या के बजरंगी पहलवान तथा जिले के मुजेहरा निवासी सुरेंद्र पहलवान ने भी अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। कुश्ती मुकाबलों में माता प्रसाद सिंह एवं राजबहादुर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन बंटी सिंह एवं हेमंत सिंह ने किया। समिति अध्यक्ष के.एन. सिंह ने विजेता पहलवानों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिपंस पार्थ सिंह, शिंपू सिंह, मंगला प्रसाद पांडेय, वीरेंद्र तिवारी, संदीप सिंह, बऊ सिंह एवं निहाल सिंह सहित समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अंत में मां गंगा की आरती एवं पूजन के साथ कुश्ती प्रतियोगिता का समापन हुआ। दंगल के साथ आयोजित पारंपरिक मेले में भी लोगों की अच्छी भागीदारी रही और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।









